-पूर्णिया में 40 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हुए शामिल
पटना। ब्यूरो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्णिया जिला के सिकन्दरपुर स्थित एसएसबी ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और शुभारंभ किया। इनमें विद्युत, रेलवे, एयरपोर्ट, आवासन एवं शहरी कार्य, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, कृषि और पशुपालन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल रहीं। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के लाभार्थियों को भी सहायता वितरित की गई।
इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बिहार में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन होने से यह शहर अब देश के एविएशन मैप में शामिल हो गया है। उन्होंने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकास कार्यों के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 12 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, जिसमें 4 ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई गई। उन्होंने बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन राज्य सरकार के प्रयास और केंद्र सरकार के सहयोग से पूरा हुआ है।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं—
वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं की पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी गई है, जिससे 1.13 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
जुलाई 2024 से घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की गई।
10 लाख सरकारी नौकरियों और 39 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं, जिसे बढ़ाकर आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। बजट में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण और मखाना बोर्ड की स्थापना जैसे प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ का आयोजन बिहार को सौंपे जाने पर भी खुशी व्यक्त की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह, किंजरापु राम मोहन नायडू, नित्यानंद राय, रामनाथ ठाकुर, राजभूषण निषाद, सतीश चंद्र दूबे, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, सांसद संजय झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सांसद पप्पू यादव समेत बड़ी संख्या में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।












