-पापमोचनी सरोवर को भूमाफिया से मुक्त कराने की मांग, पतंजलि योग स्वयंसेवकों और नागरिक समाज ने किया विरोध प्रदर्शन
जनकपुरधाम (नेपाल)। मधुकर।
जनकपुरधाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक पापमोचनी सरोवर को भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को नागरिक समाज और पतंजलि योग के स्वयंसेवकों ने जोरदार विरोध मार्च निकाला। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राम मंदिर परिसर स्थित गुठी संस्थान कार्यालय तक पहुंचा।
प्रदर्शनकारियों ने गुठी संस्थान पर अतिक्रमण में मिलीभगत का आरोप लगाते हुए गुठी प्रमुख को कार्यालय से बाहर निकाला और कार्यालय में प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़ दिया। माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहा।

गुठी संस्थान के प्रमुख ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि जो विज्ञापन टेंडर के लिए जारी किए गए थे, उन्हें रद्द कर दिया गया है। लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पापमोचनी सरोवर की अतिक्रमित भूमि को तत्काल खाली कराया जाए और धार्मिक स्थल को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जाए।
विवाद के बाद आपसी सहमति बनने पर कार्यालय का ताला खोल दिया गया।
पतंजलि योग गुरु विमल पंडित ने बताया कि पहले उस स्थल पर पतंजलि योग शिविर संचालित होता था, परंतु भूमाफियाओं की गतिविधियों और गुठी संस्थान की मिलीभगत के कारण शिविर बंद हो गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुठी संस्थान ने उसी स्थान पर स्टैंड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके विरोध में यह आंदोलन किया गया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और गुठी संस्थान ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।












