-NH-28 पर चलती स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची तीन लोगों की जान
मुजफ्फरपुर/कांटी। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को NH-28 पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब चलती स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। बोनट से धुआं निकलते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद ड्राइवर समेत स्कॉर्पियो में सवार तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय निवासी प्रकाश के अनुसार स्कॉर्पियो कांटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। गाड़ी रुकते ही ड्राइवर समेत तीनों सवार बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो में तेज आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं।

जलती हुई स्कॉर्पियो को देखकर NH-28 से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और यातायात प्रभावित हुआ। राहगीर और स्थानीय लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर आग बुझने का इंतजार करते रहे। आग इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का इंजन और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से जली हुई स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाया, जिसके बाद NH-28 पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।
कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि NH-28 पर स्कॉर्पियो में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध जानकारी के आधार पर इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण बोनट से धुआं निकलने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना में स्कॉर्पियो सवार तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।












