-परीक्षा में देरी से आक्रोशित नीतीश्वर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के बीएएमएस छात्र, किया विरोध प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। नीतीश्वर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, बावन बिघा (कन्हौली) में मंगलवार को बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) के छात्रों ने अपने शैक्षणिक वर्ष को समय पर पूरा कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न सत्रों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
छात्रों का आरोप है कि बिहार विश्वविद्यालय का परीक्षा कैलेंडर पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। सत्र 2020-24 के छात्रों ने कहा कि उनकी पढ़ाई की निर्धारित अवधि 66 महीनों की है, लेकिन अब तक 60 महीने पूरे होने के बावजूद वे अभी भी तीसरे सत्र में हैं। लगभग दो सत्र बाकी हैं, जबकि फाइनल ईयर के छात्रों की परीक्षा और इंटर्नशिप भी लंबित है।

कॉलेज के मुख्य प्रबंधक डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि कॉलेज की ओर से कई बार परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने सबूत के तौर पर एप्लिकेशन रिसीविंग की कॉपी भी दिखाई। डॉ. सिंह ने कहा कि हर बार आश्वासन दिया जाता है कि “अगले महीने परीक्षा होगी”, लेकिन अब तक न तो परीक्षा हुई है और न ही स्पष्ट जानकारी दी गई है। कॉलेज प्रशासन बार-बार परीक्षा नियंत्रक से आग्रह कर रहा है कि छात्रों का भविष्य बचाने के लिए जल्द से जल्द परीक्षा आयोजित की जाए।
छात्र सरस्वती कुमारी, अमन, अश्विनी, स्तुति राज, हिमांशु और फिजा सहित कई छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई तो वे विश्वविद्यालय गेट पर धरना देंगे और इसकी पूरी जवाबदेही विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।












