-पत्रकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर एनयूजे (बिहार) का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरपुर, 24 जुलाई। देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों, उत्पीड़न और धमकियों के विरोध में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), बिहार की मुजफ्फरपुर इकाई के बैनर तले शुक्रवार को खुदीराम बोस स्मारक पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान एनयूजे (बिहार) मुजफ्फरपुर इकाई के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार संजीव कुमार ने कहा कि पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक और निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें भयमुक्त वातावरण में कार्य करने का अवसर मिले। उन्होंने पत्रकारों पर हमले करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

वरिष्ठ पत्रकार रितेश अनुपम ने कहा कि सभी पत्रकार एकजुट होकर जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज़ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व निष्पक्ष समाचार संकलन करना और जनहित के मुद्दों को समाज एवं प्रशासन तक पहुंचाना है। पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं, इसलिए उनके कार्य में बाधा उत्पन्न करना या उन्हें निशाना बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में संतोष तिवारी, अभिषेक आनंद, राजेश कुमार, चंद्र प्रकाश, राजू कुमार, दिनेश कुमार, अजय कुमार, मोहम्मद हसनैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए भविष्य में भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करता रहेगा।












