-पटना में जीविका कर्मियों का विशाल धरना-प्रदर्शन, सरकार से मानदेय वृद्धि समेत सात सूत्रीय माँगों को लागू करने की अपील
पटना। ब्यूरो।
बिहार सरकार द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं को लागू कराने की माँग को लेकर जीविका प्रखंड स्तरीय कर्मी संघ (BRLPS) ने सोमवार को पटना के गर्दनीबाग में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में राज्यभर से लगभग 3,850 जीविका कर्मियों ने भाग लिया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सरकार से मानदेय वृद्धि एवं अन्य लंबित माँगों पर तत्काल निर्णय लेने की जोरदार अपील की।
धरना-स्थल पर मौजूद कर्मियों ने कहा कि सरकार ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति (CM-302, दिनांक 21.06.2025) में जीविका कर्मियों का मानदेय दोगुना करने की घोषणा की थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा गांधी मैदान के मुख्य समारोह से की गई घोषणा का भी पालन अब तक नहीं हुआ है।

कर्मियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीविका कर्मी राज्य के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही है।
जीविका कर्मियों की सात सूत्रीय माँगें:
1. बिहार सरकार की घोषणा (मानदेय दुगुना) को तत्काल लागू किया जाए।
2. जीविका कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा दिया जाए।
3. अप्रैजल प्रणाली समाप्त कर बोनस लागू किया जाए एवं ग्रेड-“D” को खत्म किया जाए।
4. महंगाई भत्ता लागू किया जाए।
5. छुट्टियों में काम लेने पर क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाए।
6. सेवा के दौरान कर्मी के निधन पर आश्रित को अनुकम्पा पर नौकरी दी जाए।
7. कर्मियों की गृह जिला पदस्थापना सुनिश्चित की जाए।
धरना के दौरान जीविका संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण की नींव रखने वाले कर्मियों के साथ न्याय होना समय की माँग है। संघ ने पुनः सरकार से अपील की कि जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर संघर्षरत कर्मियों को राहत दी जाए।












