-डरहार गांव में जलजमाव समस्या को लेकर आमरण अनशन शुरू, आंदोलन हुआ तेज
दरभंगा। बहादुरपुर प्रखंड के डरहार पंचायत अंतर्गत डरहार गांव में मुख्य सड़क पर लगातार हो रहे जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब उग्र हो गया है। सोमवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को आमरण अनशन में तब्दील हो गया।
धरना स्थल पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से थोड़ी बारिश में ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। प्रशासन को कई बार शिकायत और ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

आंदोलन की अगुवाई कर रहे एमएसयू नेता एवं दरभंगा जिलाध्यक्ष नीरज क्रांतिकारी ने कहा कि डरहार गांव के साथ लगातार उपेक्षा का व्यवहार हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़क मरम्मत का ठोस समाधान नहीं निकलता, तब तक अनशन जारी रहेगा।
अनशनकारियों की सेहत को देखते हुए ग्रामीणों ने डॉक्टरों की टीम की व्यवस्था की है। हालांकि, अब तक प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ी तो आंदोलन जिला स्तर पर उग्र होगा और संबंधित अधिकारियों के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
अनशनस्थल पर राहुल पासवान, अविनाश पासवान, शंभू पासवान, राज सिंह, गणपत कुमार, प्रकाश झा, सुमन झा, रोहित बैठा, मनीष सिंह, अरुण बेलदार समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।












