Advertisement

जमाबंदी सुधार महाअभियान: बन्दरा अंचल क्षेत्र में अब तक 65% पर्ची का वितरण,वंचित ग्रामीणों में संशय

-जमाबंदी सुधार महाअभियान: बन्दरा अंचल क्षेत्र में अब तक 65% पर्ची का वितरण,वंचित ग्रामीणों में संशय

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
बन्दरा अंचल क्षेत्र में चल रहे जमाबंदी सुधार महाअभियान के तहत करीब 70 हज़ार पर्चियों का वितरण किया जाना है। अब तक लगभग 65 प्रतिशत पर्चियां बंट चुकी हैं, जबकि शेष लोगों में पर्ची का वितरण जारी है। वहीं कुछ वंचित लोगों में जानकारी के अभाव में संशय की स्थिति बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं और स्थिति स्पष्ट करने के लिए सीओ से पूछताछ कर रहे हैं।

अंचल अधिकारी (सीओ) अंकुर राय ने बताया कि वर्ष 2018 के बाद जमाबंदी ऑनलाइन प्रक्रिया से तैयार हुई है। इस प्रणाली में त्रुटि की संभावना बहुत कम है और सुधार करना भी आसान नहीं है। यही कारण है कि 2018 के बाद की जमाबंदी वाले लोगों को पर्चा वितरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल पर्ची का वितरण सिर्फ 2018 से पहले तैयार हुई ऑफलाइन जमाबंदी वाले लोगों को ही किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक बन्दरा, सिमरा, पिरापुर, मतलुपुर, पटसारा और रामपुरदयाल पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शेष पंचायतों में भी तय तिथि पर शिविर लगाकर पर्चा वितरण का काम पूरा किया जाएगा।

सीओ ने कहा कि पर्चा वितरण को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। ऑनलाइन जमाबंदी वाले लोगों को पर्चा नहीं मिलने के बावजूद उनकी जमीन की स्थिति सुरक्षित और दर्ज है।