Advertisement

जनगणना कार्य में जुटे परगणक, बीडीओ ने किया निरीक्षण

-जनगणना कार्य में जुटे परगणक, बीडीओ ने किया निरीक्षण

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के वार्डों में जनगणना कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। परगणक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र कर रहे हैं तथा निर्धारित 1 से 33 प्रश्नों के उत्तर मोबाइल एप के माध्यम से अपलोड कर रहे हैं।

जनगणना के दौरान घर की स्थिति, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन, परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां ली जा रही हैं। परगणक लोगों के घर पहुंचकर पूरी प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा कर रहे हैं।

इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी ली कि परगणक उनके घर पहुंच रहे हैं या नहीं।

बीडीओ ने सभी परगणकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी घर को छोड़ा नहीं जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र से शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित परगणक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की ओर से जनगणना कार्य को सफल एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।