-जनकपुर–अयोध्या रेल सेवा की तैयारी तेज, श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी यात्रा की सुविधा
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। भारत सरकार द्वारा नेपाल के जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। प्राचीन मिथिला की राजधानी एवं माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से रेल मार्ग द्वारा जोड़ने की योजना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। प्रस्तावित ट्रेन की समय-सारणी भी सामने आ गई है, जिससे लोगों में उत्साह का माहौल है।
प्रस्तावित जनकपुर–अयोध्या–जनकपुर एक्सप्रेस के अनुसार ट्रेन प्रत्येक शनिवार को जनकपुरधाम से दोपहर 12:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह जयनगर, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और पनियहवा होते हुए रविवार सुबह 5:00 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचेगी।

वहीं वापसी यात्रा में ट्रेन सोमवार शाम 4:00 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 8:50 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा तथा भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
जनकपुरधाम और अयोध्या धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में सीधी रेल सेवा शुरू होने से तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक, किफायती और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे दोनों क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
हालांकि रेलवे की ओर से अभी इस सेवा को लेकर अंतिम स्वीकृति और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन प्रस्तावित समय-सारणी सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही जनकपुरधाम और अयोध्या धाम के बीच सीधी रेल सेवा का सपना साकार होगा।












