-जदयू को चुनौती, टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे : दिव्यांशु भारद्वाज
– बोले-कोई ताकत मुझे चुनाव लड़ने से रोक नहीं सकती
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जेडीयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और युवा नेता दिव्यांशु भारद्वाज रविवार को मोतिहारी पहुंचे। इस दौरान वे बापू सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में अपनी चुनावी मंशा साफ कर दी। साथ ही चुनौती देते हुए कहा कि अगर पार्टी टिकट नहीं देती है तो निर्दलीय चुनाव मोतिहारी से लड़ेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सामने उन्होंने मोतिहारी विधानसभा से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
सभा को संबोधित करते हुए दिव्यांशु ने कहा, ‘जनता का आशीर्वाद जिस तरह मिल रहा है, अब कोई ताक़त मुझे चुनाव लड़ने से रोक नहीं सकती। युवा नेतृत्व को अवसर देने का समय आ गया है। मैं 15 वर्षों से पार्टी में सक्रिय हूं और युवा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन को पूरे बिहार में मज़बूत किया।

मोतिहारी मेरी जन्मस्थली है। यहां से चुनाव लड़ना मेरा भी अधिकार है। एनडीए में टिकट बंटवारे को लेकर उठ रहे सवालों पर दिव्यांशु ने स्पष्ट किया कि अभी तक उम्मीदवारों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘एनडीए में टिकट का फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी करेंगे। अशोक चौधरी और मंगल पांडे का इसमें कोई दखल नहीं है। वैसे तो मेरे नाम की घोषणा भी नीतीश-मोदी पहले ही कर चुके हैं, लेकिन हम संगठन के स्तर पर नेताओं से मिलकर दावेदारी को मज़बूत कर रहे हैं। सभा के दौरान दिव्यांशु ने संकेत दिया कि यदि पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वे पीछे नहीं हटेंगे। ‘अंतिम फैसला जनता करती है। अगर पार्टी टिकट नहीं देती, तो मैं सीधे मतदाताओं से संवाद कर चुनाव मैदान में उतरूंगा। जन संवाद में जुटी भीड़ और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि दिव्यांशु भारद्वाज मोतिहारी की राजनीति में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में उनका अगला कदम प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है।












