Advertisement

जगतवीर राय को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष तेज, 22 जून को समाहरणालय पर होगा हल्ला बोल

-जगतवीर राय को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष तेज, 22 जून को समाहरणालय पर होगा हल्ला बोल

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक। जगतवीर राय को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गठित “जगतवीर राय को न्याय दो संघर्ष मोर्चा” की बैठक गुरुवार को गायघाट प्रखंड स्थित कर्पूरी स्मृति भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लाल बाबू सहनी ने की। इस दौरान नेताओं ने न्याय के लिए आंदोलन को तेज करने और 22 जून को मुजफ्फरपुर समाहरणालय में होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि देश में सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने देश की सत्ता पूंजीपतियों के हाथों में सौंप दी है, जिससे गरीब और आम जनता की समस्याएं बढ़ी हैं।


युवा नेता प्रभात किरण ने कहा कि जगतवीर राय हत्याकांड में दोषी थानेदार राजा सिंह को बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएफएल रिपोर्ट में दरोगा के नशे में होने की पुष्टि होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये से लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है।
प्रभात किरण ने कहा कि न्याय प्राप्ति के लिए अब सड़क पर संघर्ष करना होगा। इसी उद्देश्य से 22 जून को सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर समाहरणालय में “हल्ला बोल” सह धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन को सफल बनाने के लिए राजद नेता सुनील कुमार राय के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
बैठक में राम बाबू सिंह मिनी, मो. इफ्तेखार आलम, सुनील कुमार राय, राम सज्जन राय, कालेश्वर राय, राम भरोस राय, राम ललित रत्नाकर, नागेंद्र सहनी, राजा यादव, कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार यादव, अविनाश राय, लाल बाबू सहनी, राणा रणधीर सिंह, रमन सिंह, गणेश राय, नवल दास, राम प्रवेश शर्मा, जयराम यादव, राम उदगार राय, रामानंद राय, पलटन सिंह, अवध राय, गौरव गुंजन, मनीष कुमार यादव एवं शंभू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बैठक में न्याय की लड़ाई को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।