-छात्रों और किसानों को ड्रोन तकनीक की दी गई जानकारी
वैशाली, मोहन कुमार सुधांशु।
गोरौल प्रखंड के लोदीपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बुधवार को विद्यार्थियों और किसानों को किसान ड्रोन तकनीक की जानकारी दी गई। वैमानिका एयर स्पेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ड्रोन इंस्ट्रक्टर मनीष शुक्ला एवं ड्रोन पायलट मैना देवी ने बच्चों को ड्रोन के कृषि उपयोग, विशेष रूप से खेतों में कीटनाशक छिड़काव की विधि को व्यवहारिक रूप में समझाया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने खेतों में किसान ड्रोन से छिड़काव की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। आमतौर पर शादी-विवाह में देखे जाने वाले छोटे ड्रोन से परिचित बच्चों के लिए बड़ा किसान ड्रोन आकर्षण का केंद्र रहा। ड्रोन पायलट मैना देवी ने जब खेतों के ऊपर ड्रोन उड़ाकर पानी का छिड़काव शुरू किया, तो बच्चे और ग्रामीण उत्साहित हो उठे।

ड्रोन इंस्ट्रक्टर मनीष शुक्ला ने बताया कि यह ड्रोन छह मिनट में एक एकड़ खेत में दवा का छिड़काव कर सकता है और पारंपरिक विधि की तुलना में काफी कम पानी की आवश्यकता होती है। यह तकनीक किसानों के लिए समय और संसाधनों की बचत करती है।
कार्यक्रम में बच्चों ने ड्रोन की अन्य उपयोगिताओं जैसे निगरानी, फोटोग्राफी, वीडियो रिकॉर्डिंग, तथा दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक वस्तु पहुंचाने जैसे कार्यों के बारे में भी जाना।
विद्यालय के एचएम विनोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, विभा रानी, रिंकू कुमारी, ज्योति भारती, विपिन कुमार एवं कई ग्रामीण मौजूद थे। स्थानीय अभिभावक दीपक कुमार के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
#किसानड्रोन #तकनीकीशिक्षा #वैशालीसमाचार #ड्रोनइनएग्रीकल्चर #लोदीपुरविद्यालय













