-छपरा में खेसारी लाल यादव का दूध से हुआ अभिषेक, समर्थकों ने सिक्कों से तोला — चुनावी माहौल में दिखा जबरदस्त उत्साह
पटना/छपरा। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव का छपरा में अनोखे अंदाज़ में स्वागत किया गया। उनके समर्थकों ने उत्साह में आकर उन्हें 200 लीटर दूध से नहला दिया और उसके बाद ₹10, ₹5, ₹2 और ₹1 के सिक्कों से तोल भी किया।
जानकारी के अनुसार, छपरा के गैलेक्सी पैलेस में शुक्रवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां सुबह से ही भारी संख्या में समर्थक जुटने लगे थे। जैसे ही खेसारी लाल यादव मंच पर पहुंचे, माहौल “राजद विजय हो” और “खेसारी लाल यादव जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने कलशों में लाए दूध से उनका अभिषेक किया, साथ ही ढोल-नगाड़ों की थाप पर फूलों की बारिश भी की गई।

खेसारी लाल यादव अपने इस भव्य स्वागत से भावुक नजर आए। उन्होंने कहा,
> “यह प्यार और विश्वास ही मेरी असली ताकत है। इन सिक्कों का इस्तेमाल मैं चुनाव प्रचार में करूंगा।”
इस अनोखे स्वागत का वीडियो लोगों ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि खेसारी लाल यादव के समर्थन में रोजाना सैकड़ों की भीड़ उमड़ रही है। उनकी सभाओं में हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं।
वहीं, स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भोजपुरी स्टार की बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी उम्मीदवार और हाईकमान दोनों में हलचल मच गई है।
#खेसारीलालयादव #राजद #छपरा_चुनाव #BiharElections2025 #BochpuriStarInPolitics #ViralWelcome #BiharPolitics #ElectionFever













