Advertisement

चलती बिचाली लदी गाड़ी में लगी भीषण आग, ड्राइवर-खलासी ने कूदकर बचाई जान

–चलती बिचाली लदी गाड़ी में लगी भीषण आग, ड्राइवर-खलासी ने कूदकर बचाई जान

धनबाद। झरिया थाना क्षेत्र के धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर माइन रेस्क्यू के समीप बीती रात एक चलती बिचाली (पराली) लदी गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन झरिया से धनबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक गाड़ी के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा, जो कुछ ही पलों में आग की लपटों में बदल गया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर और खलासी ने तत्परता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।


बिचाली लदा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे राहगीरों में भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन के पूरी तरह जल जाने से मालिक को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
– सत्येन्द्र सिंह, धनबाद