-ग्राम आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में आपदा पूर्व तैयारी पर हुई विस्तृत चर्चा
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
सेलस्फोर्स के सहयोग से बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन) के अंतर्गत चल रहे क्लाइमेट स्मार्ट रिसिलिएंट कम्युनिटी कार्यक्रम के तहत आज मोतिहारी सदर प्रखंड के बरदाहा पंचायत भवन में ग्राम आपदा प्रबंधन समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता सरपंच मुरारी सहनी ने की, जबकि संचालन हामिद रज़ा एवं सत्य प्रकाश ने किया।
बैठक में बने चारों कार्यदलों की समीक्षा की गई तथा आगे की रणनीति तय की गई।
बाल रक्षा भारत के प्रतिनिधियों ने बताया कि आपात स्थिति बिना किसी पूर्व चेतावनी के आ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि लोग स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए तैयार रहें। इस क्रम में पारिवारिक आपातकालीन प्रक्रिया योजना बनाने पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रतिनिधियों ने कहा कि आग, भूकंप, बाढ़, खराब मौसम, दुर्घटनाएं और आतंकवाद जैसी आपदाओं से निपटने के लिए परिवार स्तर पर तैयारी आवश्यक है। आपदा आपूर्ति किट तैयार रखना और आपात सूचना तंत्र को समझना सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होता है। साथ ही समुदाय को प्रभावित करने वाली आपदाओं की पहचान, उनसे निपटने की मौजूदा योजनाओं और आपात स्थिति में मिलने वाली सूचनाओं की जानकारी पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर सरपंच सचिव भोला सहनी, समिति सदस्य लालू पासवान, मनजीत पासवान, ओमप्रकाश पासवान, लखिन्द्र सहनी, शिवशंकर सहनी, रामेश्वर पासवान, सुनीता देवी, सूरज कुमार, अमरेश पासवान सहित ग्राम आपदा प्रबंधन समिति और कार्यदल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












