Advertisement

खेल से होता है सर्वांगीण विकास : भागलपुर में शुरू हुआ 36वां अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता

-खेल से होता है सर्वांगीण विकास : भागलपुर में शुरू हुआ 36वां अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता

भागलपुर। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर में गुरुवार 25 सितंबर से रविवार 28 सितंबर 2025 तक चार दिवसीय 36वां अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विद्या भारती के सचिव एवं खेल के पर्यवेक्षक कृपा शंकर शर्मा ने बताया कि विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा शैक्षणिक संस्थान है, जहां 13,000 औपचारिक, 12,000 अनौपचारिक शिक्षण संस्थान और लगभग 33 लाख छात्र अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा में संस्कार, राष्ट्रीयता, भारत माता की सेवा, राष्ट्रभक्ति और खेलकूद में प्रगति करना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता की शुरुआत 1988 में हुई थी और अब यह 36वां राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता है। बच्चों में खेल के प्रति रुचि जगाना संस्था का विशेष उद्देश्य है। उन्होंने कहा – “जो बच्चे खेल में तेज होते हैं, वे पढ़ाई में भी आगे रहते हैं।” राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफल छात्र आगे चलकर एसजीएफआई (SGFI) प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

इस प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली सहित देशभर के विभिन्न राज्यों से अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 कुल छह वर्गों में आठ क्षेत्रों से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर खेल संयोजक ललित मोहन यादव, प्रदेश मंत्री भरत पुरवे, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, शशि भूषण मिश्रा एवं मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा उपस्थित रहे।