Advertisement

खगड़िया रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ

खगड़िया रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ

यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय निवासी भी उच्च गुणवत्ता वाले स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे

यह सोनपुर मंडल का दूसरा बारबेक्यू रेल कोच रेस्तरां

सोनपुर।संवाददाता।

खगड़िया रेलवे स्टेशन परिसर में आज पुराने कोच को मॉडीफाई कर बनाए गए ‘रेल कोच रेस्टोरेंट’ का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक भूषण सूद द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीनियर डीसीएम श्री रौशन कुमार, सीनियर डीईई (टीआरडी), सीनियर डीईएन सहित अन्य अधिकारी एवं भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अब खगड़िया के स्थानीय लोग एवं रेल यात्री इस रेस्टोरेंट में शानदार सजावट के बीच बेहतरीन और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। शुभारंभ के पश्चात डीआरएम ने रेस्टोरेंट का अवलोकन किया और संचालक से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने रेस्टोरेंट की सजावट और हेरिटेज लुक की प्रशंसा की।

रेलवे को प्रतिवर्ष मिलेगा 5 लाख 20 हजार रुपये का राजस्व

खगड़िया रेल कोच रेस्टोरेंट से सोनपुर रेल मंडल को प्रति वर्ष 5 लाख 20 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इसमें रेल कोच व उपलब्ध करवाई गई जगह का किराया भी शामिल है। रेस्टोरेंट में एक बार में 70-75 ग्राहक बैठ सकते हैं और इस रेस्तरां से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 100 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

खगड़िया रेल कोच रेस्टोरेंट की खासियत

इस बारबेक्यू रेल कोच रेस्टोरेंट में बरौनी कोच रेस्टोरेंट के तर्ज पर 46 तरह के व्यंजनों का बुफे लंच/डिनर मात्र 499 रुपये प्रति व्यक्ति की दर पर असीमित उपलब्ध होगा। ग्राहक यहाँ भोजन की तैयारी लाइव देख सकेंगे, जो उन्हें स्वच्छता और गुणवत्ता के प्रति आश्वस्त करेगा। इसके अलावा, क्यूआर कोड आधारित ऑर्डरिंग सिस्टम और यात्री ऐप के माध्यम से भी ग्राहक अपना भोजन ऑर्डर कर सकते हैं। यहाँ कुल 55 तरह के व्यंजन उपलब्ध होंगे। टिकट काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैनर के माध्यम से भुगतान करने पर 5% फ्लैट डिस्काउंट भी मिलेगा।