-कृषि चौपाल में किसानों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी, जैविक खेती और श्री विधि से धान उत्पादन पर जोर
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र की बखरी बराई पंचायत के रसूलपुर बखरी स्थित अंबेडकर भवन परिसर तथा बाकरपुर पंचायत के शेखपुरा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में कृषि विभाग द्वारा कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया और कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धान बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इच्छुक किसान समय रहते आवेदन कर सब्सिडी दर पर गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि रासायनिक खेती की तुलना में जैविक खेती कम खर्चीली होने के साथ-साथ अधिक लाभदायक एवं पर्यावरण के अनुकूल है। कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद के लिए किसानों को बिहार कृषि ऐप पर ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी दी गई, जिससे उन्हें सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध हो सकेंगे।

कृषि चौपाल में यह भी बताया गया कि जिन किसानों के पास एक एकड़ से अधिक भूमि है, उन्हें 80 प्रतिशत अनुदान पर बोरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए भी ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक है। अधिकारियों ने किसानों से किसान पंजीकरण अवश्य कराने की अपील की और कहा कि बिना पंजीकरण के भविष्य में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा।
मिट्टी जांच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि मिट्टी की जांच के बाद ही फसल की बुआई करें, ताकि भूमि में उपलब्ध पोषक तत्वों की जानकारी मिल सके और आवश्यकतानुसार उनकी पूर्ति कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
किसानों को श्री विधि से धान की खेती करने की भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इस तकनीक में एक-एक पौधे की रोपाई की जाती है, जिससे पौधों का तेजी से विकास होता है और उत्पादन में वृद्धि होती है।
चौपाल के दौरान किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनका कृषि विशेषज्ञों द्वारा समाधान बताया गया। कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मनोज कुमार, कृषि सलाहकार कमलेश्वर राय, अमरेंद्र कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।











