-कुढ़नी में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, 5,491 युवाओं का निबंधन, 213 को मिला जॉब ऑफर
मुजफ्फरपुर।
दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत जीविका कुढ़नी द्वारा स्थानीय राजकीय बुनियादी विद्यालय, अनन्त कमतौल, चंद्रहटी के प्रांगण में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन माननीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने जीविका की डीपीएम श्रीमती अनीशा, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री सुधीर कुमार सहित अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, क्वेस कॉर्प, एलएंडटी, गो ग्रीन लिमिटेड, आरसेटीआई, डीआरसीसी सहित 13 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थाओं ने भाग लिया। इन संस्थाओं द्वारा युवाओं का मार्गदर्शन एवं निबंधन किया गया। मेले में कुल 5,491 युवाओं का निबंधन हुआ, जबकि 213 युवाओं को रोजगार के लिए जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

इससे पूर्व जीविका दीदियों ने अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर एवं स्वागत गीत के माध्यम से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि जीविका अपने आप में एक मिसाल है। रोजगार, स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में जीविका ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने जीविका को और अधिक सशक्त बनाने तथा रोजगार सृजन के लिए बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
राज्य परियोजना प्रबंधक श्री कमल किशोर ने जीविका दीदियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि परिवार के संचालन के साथ-साथ समुदाय के हित में किया जा रहा कार्य प्रशंसनीय है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में रोजगार मेला को एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री श्रवण कुमार ने गो ग्रीन अपैरल लिमिटेड में चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियोजन पत्र का वितरण भी किया। जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए जीविका कार्यक्रम की समग्र उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया।
वहीं, जीविका के रोजगार प्रबंधक श्री सोमनाथ ने कौशल विकास एवं नियोजन से संबंधित जीविका की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा प्रतिभागी संस्थाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री सुधीर कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि जीविका के मानव संसाधन प्रबंधक श्री उज्जवल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।













