Advertisement

कटरा में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला सफल, 1331 युवाओं का निबंधन, 287 को मिला जॉब ऑफर लेटर

-कटरा में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला सफल, 1331 युवाओं का निबंधन, 287 को मिला जॉब ऑफर लेटर

मुजफ्फरपुर (कटरा)दीपक। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत जीविका कटरा द्वारा खंगुरा उच्च माध्यमिक विद्यालय, पहसौल के प्रांगण में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी मुजफ्फरपुर श्री सुब्रत सेन, उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्रीमती अनीशा, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री शशि प्रकाश, प्रखंड प्रमुख मो. नूर आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मेले में टाटा मोटर्स, क्वेस कॉर्प, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एलएंडटी, गो ग्रीन अपैरल लिमिटेड, आरसेटीआई, डीआरसीसी समेत 12 से अधिक संस्थाओं ने भाग लेकर युवाओं को मार्गदर्शन एवं निबंधन किया। कुल 1331 युवाओं का निबंधन हुआ, जिनमें 975 युवाओं को सीधी भर्ती के लिए पंजीकृत किया गया और 287 युवाओं को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर प्रदान किया गया। वहीं, आरसेटीआई द्वारा 356 युवाओं का स्वरोजगार प्रशिक्षण हेतु निबंधन किया गया। शेष युवाओं की काउंसलिंग कर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।


कार्यक्रम की शुरुआत जीविका दीदियों के स्वागत गीत से हुई। अतिथियों का स्वागत पौधा, पाग एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी ने सरकार की रोजगार सृजन प्रतिबद्धता दोहराते हुए बेला के साथ-साथ मोतीपुर व पारू जैसे प्रखंडों में औद्योगिक क्षेत्र के विकास की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जीविका के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब जीविका समूह निर्माण के साथ रोजगार और स्वरोजगार से भी युवाओं को जोड़ रही है।
जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीशा ने रोजगार मेले की विस्तृत जानकारी देते हुए कौशल विकास के क्षेत्र में जीविका की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कई युवाओं व अभिभावकों ने रोजगार पाने के अपने अनुभव भी साझा किए।
मेले में जीविका के जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कैडर एवं संकुल संघों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री जिब्बछ कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।