-एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बवाल, टिकट को लेकर भिड़े समर्थक
मुजफ्फरपुर/गायघाट।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर गठबंधन के भीतर ही घमासान मच गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को गायघाट विधानसभा क्षेत्र के जारंग हाईस्कूल मैदान में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन बवाल में बदल गया।
मंत्री और विधायक के पहुंचने से पहले ही जेडीयू नेता प्रभात किरण और लोजपा की पूर्व प्रत्याशी कोमल सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और वहां मौजूद कई मतदाता जान बचाकर भाग खड़े हुए।

इस दौरान दोनों ओर से जमकर खदेड़ा-खदेड़ी में कई लोग घायल हो गए। महिलाओं और बच्चों को भी जान बचाकर भागना पड़ा। मंच पर भी अफरातफरी मच गई। जेडीयू नेता प्रभात किरण और कोमल सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान टेबल पलट दिए गए और कुर्सियां तोड़ दी गईं।
मंच पर जदयू विधान पार्षद दिनेश सिंह, लोजपा सांसद वीणा देवी, जदयू के पूर्व मंत्री श्याम रजक, पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव और भाजपा नेता अशोक सिंह मौजूद थे। लगातार हंगामे और तनाव के कारण पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। हालांकि, बाहर समर्थकों के बीच टकराव जारी रहा और वे उम्मीदवार की घोषणा की मांग को लेकर हंगामा करते रहे।











