-एटीएम कार्ड बदलकर वृद्ध से 1.10 लाख रुपये की साइबर ठगी, मामला दर्ज
मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र के मधौल गांव निवासी 77 वर्षीय राम कैलाश ठाकुर साइबर ठगी का शिकार हो गए। शातिर अपराधियों ने एटीएम मशीन में उनका कार्ड फंसाकर उसे बदल दिया और उनके खाते से 1 लाख 10 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली।
जानकारी के अनुसार, ठगों ने पहले एटीएम मशीन में वृद्ध का कार्ड फंसा दिया। इसके बाद कार्ड बदलकर उनके बैंक खाते से 40 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सरैया स्थित एक कपड़ा दुकान से उसी कार्ड के जरिए 70 हजार 500 रुपये की खरीदारी भी कर ली।

मोबाइल पर बैंक से लेनदेन का संदेश मिलने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत बेला स्थित साइबर थाना में दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई डॉ. ललन कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और बैंक लेनदेन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें। यदि एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाए या कोई अजनबी मदद की पेशकश करे, तो उसकी सहायता लेने से बचें और तुरंत संबंधित बैंक या पुलिस को इसकी सूचना दें।












