-अंग्रेजी बेस्ड सरकारी स्कूल बनाए जाएंगे, पिछड़े को ठेकेदारी और नौकरी में भी मिलेगा आरक्षण: प्रियंका
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीस वर्षों से आप सभी जिन संघर्षों से आप जूझ रहे हैं, उससे निकलने का समय आ गया है, बदलाव का वक्त आ गया है। आप अपने भविष्य की चिंता करते हुए बिहार में भाजपा और नीतीश की सरकार को बदल कर बेहतर कार्य करने वाली सरकार को बनाएं। अब तक लुभावने झांसे और खोखले वादे की सरकार ने सभी बिहारियों को धोखा दिया। लेकिन अब समय आ गया है कि वैसे धोखेबाज सरकार को बदल दिजीए। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि बिहार के बच्चे बिहार में अच्छी शिक्षा प्राप्त करें। युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिले। अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। यह तभी संभव है जब आप सरकार को बदल कर महागठबंधन की सरकार बनाएंगे। प्रियंका गांधी ने बताया कि जाकर यूपी जाकर देख लिजिए। वहां बीजेपी की सरकार है। लेकिन युवाओं को कोर्स की मुताबिक तीन साल में डिग्री नहीं मिल रही। डिग्री मिलती है तो नौकरी नहीं, नौकरी के लिए परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद नियुक्त नहीं हो रही है।

जाकर देखिए राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने शिक्षा का माहौल तैयार कर दिया है। बीमार लोगों के इलाज के लिए सरकार पच्चीस लाख रुपए तक का खर्च देती है। महिलाओं को भी रोजगार और आरक्षण का अवसर मिला है। बिहार में अगर हमारी सरकार बनती है तो अंग्रेजी बेस्ड सरकारी स्कूल बनाए जाएंगे। युवाओं को रोजगार की व्यवस्था भी बिहार में बनेगी ताकि पलायन बंद हो सके। पूर्व की तरह चीनी मिल और फैक्ट्रियों का बिहार में जाल बिछाया जाएगा। अन्य राज्यों के फैक्ट्रियों में रोजगार के लिए युवाओं को जाना नहीं पड़ेगा। स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी और सरकार गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च उठाएगी। ठेकेदारी में पिछड़ी जातियों को पचास प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। नौकरी में भी यह आरक्षण लागू किया जाएगा। मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह, सीडब्लूसी मेंबर अजय उपाध्याय, पूर्वी चंपारण कांग्रेस जिलाध्यक्ष ई शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय, पश्चिम चंपारण जिलाध्यक्ष भारत भूषण दूबे, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला सहित कई प्रदेश व जिला स्तरीय कांग्रेस नेता मौजूद थे।











