-होली मिलन समारोह: शिवदाहा में मुखिया ने खेली वार्ड सदस्यों के साथ होली, उड़ाए गुलाल
दीपक कुमार। गायघाट
प्रखंड के शिवदाहा बरेल में मंगलवार को शिवदाहा पंचायत के मुखिया गणेश ठाकुर के नेतृत्व में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित शिवदाहा पंचायत के मुखिया गणेश ठाकुर ने सभी वार्ड सदस्यों से आपसी भाईचारा व शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाने की अपील की. साथ ही कहा कि हुड़दंगियों पर पुलिस-प्रशासन की विशेष नजर रहेगीl

उन्होंने बताया कि होली में लॉ एंड ऑडर को बनाये रखने के लिए कई जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जायेगी. साथ ही कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और कहीं से भी माहौल खराब करने की कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल ही इसकी जानकारी थाना प्रभारी अथवा प्रखंड प्रशासन को दें. मुखिया गणेश ठाकुर ने यह भी कहा कि लोग एक दूसरे पर जबरन रंग न डालें. इस वर्ष रमजान का पवित्र महीने भी चल रहा है. इसलिए लोग होली का पर्व आपसी भाईचारा के साथ मनायेंगे. सभी लोग एक-दूसरे के पर्वों का सम्मान करेंगे. वहीं, सदस्यों ने मुखिया के साथ-साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामना दी. मौके पर अरुण ठाकुर समेत दर्जनों पंचायत के वार्ड सदस्य मौजूद थे।












