-स्वतंत्रता दिवस से पहले बिहार में हाई अलर्ट, आतंकी हमले की आशंका पर सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश
पटना। स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के डीएम, एसएसपी/एसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आसूचना तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। अलर्ट में आशंका जताई गई है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद स्वतंत्रता दिवस या उसके आसपास देश के महत्वपूर्ण स्थानों पर हमला या विस्फोट की साजिश रच सकते हैं।
स्पेशल ब्रांच के आईजी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पिछले वर्ष भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकी संगठन बदले की फिराक में हैं। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था, जिसमें बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां संभावित जवाबी साजिशों को लेकर सतर्क हैं।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार आतंकी आर्थिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों, महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों, रक्षा एवं सुरक्षा प्रतिष्ठानों तथा प्रमुख नेताओं को निशाना बना सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में बड़ी संख्या में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में आतंकी भीड़भाड़ वाले स्थानों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।
अलर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के कारण पड़ोसी देशों से घुसपैठ की आशंका बनी रहती है। नेपाल और पूर्वोत्तर राज्यों में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की गतिविधियां बढ़ने की सूचना है। वहीं बांग्लादेश और म्यांमार की स्थिति को देखते हुए भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है। दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी तटों के जरिए भी आतंकी घुसपैठ की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, राष्ट्रीय राजमार्गों के चेक पोस्ट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और देश विरोधी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
स्पेशल ब्रांच ने यह भी चेतावनी दी है कि आतंकी आईईडी लगाकर विस्फोट कर सकते हैं तथा ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए तकनीकी निगरानी बढ़ाने और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अलर्ट में हाल ही में पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार मुजफ्फरपुर के कटरा निवासी नौशाद अली उर्फ लालू के मामले का भी उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की तस्वीरें एवं वीडियो पाकिस्तान भेजता था और इसके बदले उसे पैसे मिलते थे। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और कड़ी कर दी है।
बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।












