Advertisement

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

-स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

मुजफ्फरपुर। शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने गुरुवार को विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड संख्या 28, 30, 23 और 19 में पहुंचकर स्ट्रीट लाइट की स्थिति, नई लाइट के इंस्टॉलेशन और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कर चालू कराने तथा जिन स्थानों पर नई लाइट की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर इंस्टॉलेशन कराने का निर्देश दिया।

एजेंसी की 10 सितंबर की कार्ययोजना के अनुसार स्ट्रीट लाइट इंस्टॉलेशन के लिए 15 टीमें विभिन्न वार्डों में काम कर रही हैं। ये टीमें वार्ड 17, 49, 33, 27, 30, 39, 23 और 28 में तैनात हैं। वहीं, स्ट्रीट लाइट के मेंटेनेंस और मरम्मत के लिए आठ टीमें वार्ड 30, 19, 38, 31, 7, 15, 48 और 23 में कार्यरत हैं। इस तरह कुल 23 टीमें इंस्टॉलेशन और मरम्मत कार्य में लगी हैं।

नगर आयुक्त ने मरम्मत कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एग्रीमेंट में निर्धारित शर्तों के अनुरूप काम नहीं करने या किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार पेनाल्टी और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निगम के इंजीनियरों को प्रतिदिन स्थल पर जाकर कार्यों की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ शिकायतों का भी त्वरित निष्पादन किया जाए।

उप नगर आयुक्त अनुभूति श्रीवास्तव भी लगातार विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइट कार्यों का निरीक्षण कर रही हैं। उनके द्वारा कार्य की प्रगति, लाइटों की स्थिति और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान दामू चौक पर कार्य में लगे एक कर्मी को नगर आयुक्त ने हेलमेट पहनाया। उन्होंने एजेंसी को निर्देश दिया कि कार्य में लगे सभी कर्मियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए और हेलमेट समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा भी नगर निगम की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त अनुभूति श्रीवास्तव, सिटी मैनेजर रितेश कुमार, मैकेनिकल इंजीनियर आर्यन झा समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।