– सैदपुर-पिलखी मुख्य पथ पर सफर हुआ मुश्किल,जर्जर पथ पर जगह-जगह जलजमाव
मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।

लगातार बारिश की वजह से पड़ोसी समस्तीपुर जिला क्षेत्र के नजदीकी सैदपुर से बन्दरा जिले एवं प्रखण्ड क्षेत्र के तेपरी, रतवारा,रामपुरदयाल, पीरापुर,हरपुर होते हुए पिलखी पुल पर पहुंचने वाले मुख्यपथ पर सफर काफी खतरनाक बन गया है। यह सड़क पहले से ही काफी जर्जर है, ऊपर से लगातार बारिश की वजह से गड्ढायुक्त सड़क में जगह-जगह जलजमाव है। जिसके कारण से पैदल एवं वाहनों का परिचालन काफी मुश्किल है।वहीं कई जगहों पर सड़क के किनारो के बसावटों वाले ग्रामीणों के द्वारा अपने दरवाजा के किनारो में बांस-बल्ला,लकड़ी के सिल्ला आदि से घेराबंदी आदि की वजहों से सुगम यातायात में परेशानी हो रही है। जर्जर,कीचड़ एवं जलजमाव युक्त सड़क पर गाड़ियों का परिचालन काफी खतरनाक साबित हो रहा है। पैदल चलना मुश्किल है। वहीं साइकिल एवं बाइक सवार इन गड्ढों में अक्सर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का बताना है कि निर्माण कार्य के समय ही गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाया था, तब संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। लिहाजा यह कमजोर सड़क बनने के कुछ दिनों बाद से ही बिखरने लगे। देखते- देखते कुछ हीं दिनों में यह गड्ढों में तब्दील होता गया। इस जर्जर सड़क पर सामान्य दिनों में भी परिचालन खतरनाक बना रहता है,हल्की वर्षा के साथ ही इन सड़क पर जल जमाव की वजह से सफर जानलेवा साबित होने लगता है।

पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय विधायक सहित संबंधित लोगों का काफिला भी पिलखी पुल पर स्वागत के बाद पियर, रतवारा के रास्ते इसी मुख्य पथ से होकर मतलूपुर पहुंचा था। उस दौरान भी लोगों ने संबंधित मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को मामले से अवगत कराया था। इसी दौरान मंत्री एवं विधायक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन तो दिया,लेकिन फिलहाल यातायात संकट और सफर को लेकर इलाके के लोग काफी परेशान हैं।











