Advertisement

सिकंदरपुर में निर्माणाधीन शवदाह गृह का डीएम ने किया निरीक्षण, अक्टूबर तक काम पूरा करने का निर्देश

-सिकंदरपुर में निर्माणाधीन शवदाह गृह का डीएम ने किया निरीक्षण, अक्टूबर तक काम पूरा करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर और नगर आयुक्त, नगर निगम, मुजफ्फरपुर ने शनिवार को सिकंदरपुर में बुडको की ओर से निर्माणाधीन शवदाह गृह का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन शवदाह गृह के विभिन्न अवयवों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सात निश्चय-2 योजना के तहत निर्माणाधीन शवदाह गृह में दो सेट विद्युत शवदाह गृह और चार सेट लकड़ी शवदाह गृह का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि फिनिशिंग का काम प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष सभी कार्यों को तेजी से पूरा करते हुए अक्टूबर तक, यानी दो माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि शवदाह गृह का निर्माण पूरा होने के बाद आम लोगों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, विद्युत शवदाह गृह के संचालन से प्रदूषण में भी काफी कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करना प्राथमिकता है।