-साहू पोखर में अधेड़ ने लगाई छलांग, डायल 112 की टीम ने तीन मिनट में पहुंचकर बचाई जान
मुजफ्फरपुर। शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक साहू पोखर में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने कथित तौर पर पारिवारिक कलह से परेशान होकर गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद आपातकालीन पुलिस टीम महज तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई।
सूचना मिलते ही ईआरवी की टीम सायरन बजाते हुए साहू पोखर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए स्थानीय लोगों की मदद से गहरे पानी में छलांग लगा दी। जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए पानी में डूब रहे अधेड़ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद अधेड़ को अचेत अवस्था में तत्काल नजदीकी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। बताया गया कि पानी फेफड़ों में चले जाने के कारण उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। हालांकि, समय पर इलाज मिलने के बाद उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नगर थाना पुलिस के अनुसार, अधेड़ के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समय पर पहुंचकर पुलिस द्वारा किए गए इस रेस्क्यू की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।












