-सदर अस्पताल में डॉक्टर की जगह अन्य कर्मी से इलाज कराने का आरोप, लोक चेतना दल ने डीएम से की जांच की मांग
मुजफ्फरपुर, 24 जुलाई। लोक चेतना दल ने सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दल की प्रदेश संगठन सचिव धनवंती देवी ने बताया कि उन्होंने एक वीडियो साक्ष्य के साथ जिलाधिकारी को शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सदर अस्पताल में डॉक्टरों की जगह अन्य कर्मियों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जो मरीजों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

लोक चेतना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा ने कहा कि सदर अस्पताल में अव्यवस्था का माहौल है और यदि डॉक्टरों के स्थान पर अन्य कर्मियों से इलाज कराया जा रहा है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है, इसलिए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में लोक चेतना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा, जिला महासचिव आनंद कुमार झा, प्रदेश संगठन सचिव धनवंती देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हालांकि, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक सदर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।












