-सकरी मन नदी में जलकुंभी से परेशानी, छठ घाट निर्माण में बाधा
मुजफ्फरपुर/बन्दरा/दीपक कुमार तिवारी।
बन्दरा प्रखण्ड के मुन्नी बैंगरी पंचायत स्थित सकरी मन नदी इन दिनों जलकुंभियों से पूरी तरह घिर गई है। जलकुंभी न केवल सम्पूर्ण नदी क्षेत्र में फैली हुई है, बल्कि किनारों तक फैलकर छठ घाटों के निर्माण में भी बड़ी रुकावट बन गई है। इस कारण स्थानीय लोग अब कृत्रिम घाट बनाने को मजबूर हैं।
ग्रामीण कृष्ण कुमार तिवारी, कामेश्वर ठाकुर एवं अन्य लोगों ने बताया कि पहले सकरी मन नदी के दोनों किनारों पर लगभग एक किलोमीटर तक आकर्षक छठ घाट बनाए जाते थे। सजावट और रोशनी से पूरा क्षेत्र भव्य रूप ले लेता था। लेकिन बीते कुछ वर्षों में नदी का स्वरूप बदल गया है। अतिक्रमण, गंदगी और जलकुंभियों के बढ़ते फैलाव के कारण घाट क्षेत्र सिकुड़ गया है।

अब ग्रामीणों के पास कृत्रिम घाट बनाकर व्रतियों के लिए छठ पूजा संपन्न कराने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलकुंभी की सफाई कर पारंपरिक घाटों को पुनः व्यवस्थित करने की मांग की है।आपको बता दें कि सकरी मन के जीर्णोद्धार,उड़ाही एवं सौंदर्यीकरण की मांग सालों से की जा रही है।
#छठघाटसमस्या #बन्दराखबर #सकरीमननदी #जलकुंभीसंकट #छठपूजा2025 #MuzaffarpurNews












