-शिक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, दो बड़े अधिकारियों को किया सस्पेंड
ब्यूरो।पटना।
शिक्षा विभाग का कमान संभालने के बाद शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ लगातार शिक्षा विभाग की गड़बड़ियों को ठीक करने में जुटे हुए हैं। एक बार फिर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़े अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। शिक्षा विभाग ने पैसे उगाही और बेंच डेस्क सप्लाई में गड़बड़ी करने के आरोप में दरभंगा के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर बेंच डेस्क निर्माण के साथ ही टीआरई 1 और दो में काउंसिलिंग के समय अभ्यर्थियों से पैसे लेने का आरोप लगा था।
दोनों अधिकारियों पर अभ्कायर्थियों से पैसे लेने के आरोप लगने पर जांच का जिम्मा उपनिदेशक को दिया गया था जबकि बेंच डेस्क निर्माण में गड़बड़ी करने के आरोप के जांच का जिम्मा प्रमंडलीय उपनिदेशक को दिया गया था।

उपनिदेशक के जांच में आरोप सही पाए जाने पर शिक्षा विभाग ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। प्रमंडलीय उपनिदेशक की रिपोर्ट में दोनो अधिकारियों के खिलाफ टीआरई 1, टीआरई 2 के अभ्यर्थियों से उगाही करने के आरोप की पुष्टि हुई।
इसके अलावा स्कूलों के बेंच डेस्क की सप्लाई करने वाली एजेंसी के साथ भी भ्रष्टाचार के आरोप की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद उपनिदेशक की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने बड़ी कार्रवाई की। इसके बाद उन्होंने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जन शिक्षा निदेशालय विकास भवन नया सचिवालय पटना निर्धारित किया गया है।













