-शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण, तस्वीरें वायरल कर करता रहा ब्लैकमेल; आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। हथौड़ी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का करीब पांच वर्षों तक कथित रूप से यौन शोषण करने और शादी का दबाव बनाने पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उसकी आरोपी युवक से जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका कथित रूप से यौन शोषण करता रहा।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और तरह-तरह से प्रताड़ित करता रहा।
लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर युवती ने आखिरकार हथौड़ी थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने युवती के कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रखे थे।
थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया है तथा उसके मोबाइल से मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।












