Advertisement

शरफुद्दीनपुर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर हमला, लाखों की तोड़फोड़ और ₹60 हजार की लूट — चार घायल, पुलिस की मौजूदगी में मचाया उत्पात

-शरफुद्दीनपुर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर हमला, लाखों की तोड़फोड़ और ₹60 हजार की लूट — चार घायल, पुलिस की मौजूदगी में मचाया उत्पात

मुजफ्फरपुर/बोचहां। बोचहां प्रखंड के शरफुद्दीनपुर गुदरी बाजार में शुक्रवार की रात अराजक तत्वों ने एक इलेक्ट्रॉनिक और सिलाई मशीन की दुकान पर दुस्साहसिक हमला कर जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट मचाई। रॉड और धारदार हथियारों से लैस एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने दुकान में घुसकर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाशिंग मशीनें और कांच के दरवाजे तोड़ डाले। हमले में विरोध करने पर एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। इसी दौरान दुकान में रखे करीब ₹60,000 नकद भी लूट लिए गए।

पुलिस के सामने हुआ हमला, अतिरिक्त बल पहुंचते ही भागे हमलावर:

घटना के वक्त बाजार में मौजूद गश्ती दल ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो उन्मादी युवकों ने पुलिस के सामने ही रॉड और डंडे चलाने शुरू कर दिए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने तुरंत अतिरिक्त बल बुलाया। 112 सहित पाँच पुलिस गाड़ियों के पहुंचते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान से जुड़ा विवाद बताया जा रहा कारण:

दुकान संचालक मोहम्मद सोहेल की मां अनीशा खातून ने बताया कि लगभग पाँच महीने पहले अंचलाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उनकी दुकान के सामने लगी कई गुमटियां हटाई गई थीं, जिनमें से एक गुमटी मैदापुर निवासी अशर्फी चौधरी की भी थी। अनीशा का आरोप है कि प्रशासन से नाराज अशर्फी के परिवार ने उन्हें निशाना बना लिया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात अशर्फी चौधरी का बेटा शराब के नशे में पहले फल बेचने वाले एक दुकानदार से उलझा, फिर उन्हें गालियां देने लगा। जब उन्होंने गश्ती दल को सूचना दी, तो उसने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया और सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। सेल्समेन आदिल, तबस्सुम खातून, सफीना खातून और जमशेद इस हमले में घायल हुए हैं।

पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत:

थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि दुकान में टूटे शीशे, बिखरे सामान और खून के धब्बे घटना की बर्बरता बयान कर रहे हैं।