Advertisement

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त: सीएम ने दिए सख्त निर्देश, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने का आदेश

-विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त: सीएम ने दिए सख्त निर्देश, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने का आदेश

पटना, 04 मई 2026। विक्रमशिला सेतु के एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने के बाद राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में 5, देशरत्न मार्ग स्थित आवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सेतु के क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए अविलंब वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त हिस्से के मरम्मत कार्य के लिए विशेषज्ञों से तकनीकी प्रतिवेदन लेकर जल्द से जल्द रेस्टोरेशन कार्य शुरू करने को कहा गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि 3 मई की मध्यरात्रि में सेतु के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारणों की जांच के लिए अभियंता प्रमुख के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम, जिसमें आईआईटी पटना और एनआईटी पटना के विशेषज्ञ शामिल हैं, को भागलपुर भेजा गया है।

अनुरक्षण में लापरवाही के आरोप में संबंधित कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी पुलों के नियमित ऑडिट और मेंटेनेंस पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वर्तमान में गंगा पार करने के लिए लोगों को श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते राष्ट्रीय उच्च पथ के जरिए भागलपुर आने-जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए मुफ्त स्टीमर सेवा भी शीघ्र शुरू करने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए 4-लेन पुल के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, भागलपुर और नवगछिया दोनों छोर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और नाव संचालन में एसओपी का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि भागलपुर के जिलाधिकारी और एसएसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।