-वर्षों से बंद प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र को चालू करने की मांग, ग्रामीणों ने BDO को सौंपा ज्ञापन
गायघाट (मुजफ्फरपुर)। कांटा पंचायत के वर्षों से बंद पड़े प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र को पुनः संचालित करने की मांग को लेकर ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गायघाट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि कांटा स्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन जीर्णोद्धार के बाद भी नियमित रूप से संचालित नहीं हो सका है। इससे कांटा पंचायत समेत आसपास के दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है।

ज्ञापन में अस्पताल में नियमित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती, आवश्यक और जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवा, बिजली, स्वच्छ पेयजल तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा मुख्य सड़क से अस्पताल तक संपर्क मार्ग के निर्माण और अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल बनवाने की भी मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए कहा है कि अस्पताल से जुड़ी प्रमुख मांगों को निर्धारित अवधि के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही संपर्क सड़क और बाउंड्री वॉल निर्माण के संबंध में विभागीय कार्रवाई एवं समय-सीमा का लिखित आश्वासन भी दिया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से भूख हड़ताल करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पंचायत समिति सदस्य संजागर साहनी, समाजसेवी दीपक ठाकुर, अभिषेक सुमन, प्रभात मिश्रा, मयंक मिश्रा, रोहित ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।












