-लखनदेई नदी का तटबंध टूटा, 12 पंचायतों में घुसा पानी; खेत-खलिहान जलमग्न, किसानों की मेहनत पर पानी फिरा
औराई/गायघाट/मीनापुर। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले में लखनदेई नदी का तटबंध बिशनपुर में करीब 150 फीट तक टूट गया, जिससे क्षेत्र में हाहाकार मच गया। औराई पंचायत, रतवारा पूर्वी-पश्चिमी, राजखंड उत्तर-दक्षिण, खेतलपुर, भलूड़ा, आलमपुर सिमरी, रामपुर, बिशनपुर गोकुल समेत दर्जनभर पंचायतों के चौरों में तेज़ी से पानी फैल गया है। हालात ऐसे हैं कि औराई-रून्नीसैदपुर मुख्य सड़क पर आवागमन किसी भी वक्त ठप हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर तटबंध टूटा है वहां पिछले एक सप्ताह से मरम्मत कार्य चल रहा था, लेकिन बरसात के दबाव में गुरुवार को यह टूट गया। रामखेतारी स्कूल और मंदिर के बीच चार फीट तक पानी बह रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में धान, ज्वार, मक्का, सब्जी जैसी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।
राजखंड के किसान प्रियरंजन साहू, रजनीकांत शाही, अंजनी ठाकुर, रतवारा के नवल राय और औराई के भूषण राय, अभय यादव ने कहा कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन अब फसल डूबने से कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और नेताओं की लापरवाही के कारण ही बांध टूटा है। सुखाड़ के समय मरम्मत नहीं कराई जाती और पानी आने के बाद खानापूर्ति की जाती है।
🌊 बागमती का जलस्तर दो मीटर घटा, पर राहत नहीं:

बागमती नदी का जलस्तर दो मीटर घटा है, फिलहाल यह खतरे के निशान से 1.18 मीटर ऊपर बह रही है। हालांकि, तटबंध के भीतर बसे गांवों में जलजमाव की स्थिति जस की तस है। कई सड़कें अभी भी पानी में डूबी हैं और लोग नाव के सहारे आवाजाही कर रहे हैं।
🚨 गायघाट में बागमती का पानी नए इलाकों में फैला:
गायघाट संवाददाता:
गायघाट प्रखंड के 18 पंचायतों — केवटसा, बरुआरी, शिवदाहा, लोमा, कांटा पिरौंछा, बलौरनिधि, लदौर, सुस्ता, जारंग, लक्ष्मणनगर, दहिला पटशर्मा व महमदपुर शुरा — में बागमती का पानी तेजी से फैल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 1987 और 2004 जैसी स्थिति एक बार फिर बन गई है। धान की फसल डूब गई है और अब रबी की बुआई भी प्रभावित होगी।
करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र का मुख्यालय और एनएच से संपर्क टूट गया है। कई जगह सड़कों पर पानी बह रहा है और सैकड़ों परिवारों के घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है।
⚠️ मीनापुर में बूढ़ी गंडक का पानी खेतों में फैला
बूढ़ी गंडक का जलस्तर बढ़ने से हरशेर पंचायत के वार्ड 4 और घोसौत पंचायत के वार्ड 3 से 6 तक पानी फैल गया है। करीब 15 एकड़ में धान, गोभी, बैंगन की फसल डूब गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर यूं ही बढ़ता रहा तो 24 घंटे में पानी रिहायशी इलाके तक पहुंच जाएगा।
सीओ कुणाल गौरव ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
📍#लखनदेईतटबंध #मुजफ्फरपुरबाढ़ #गायघाट #औराई #मीनापुर #बागमतीनदी #बूढ़ीगंडक #फसलनुकसान #किसानसंकट #BiharFloods2025












