-रूपौली विशनपुर में महिला का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। रामपुर हरि थाना क्षेत्र के रूपौली विशनपुर गांव में एक महिला का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनरजीत पासवान की 36 वर्षीय पत्नी अमिता देवी के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों की मां थी।
बताया गया कि महिला का शव फंदे से लटका मिलने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रामपुर हरि थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस मामले की जांच के साथ घटना से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।












