-राजापाकर सीएचसी में जननी सुरक्षा योजना शिविर आयोजित, 35 महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
राजापाकर। संवाददाता।संजय। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई तथा चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में कुल 35 महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। महिलाओं के हीमोग्लोबिन, वजन, रक्तचाप (बीपी), एचआईवी सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। साथ ही उन्हें विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां भी दी गईं।
शिविर में महिलाओं की जांच डॉ. जितेंद्र मोहन पासवान, डॉ. श्री प्रकाश उपाध्याय, डॉ. ज्ञानदीप एवं डॉ. मनीष द्वारा की गई। वहीं जांच कार्य में एएनएम बीना कुमारी, गुंजन कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं शांति कुमारी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया।

महिला चिकित्सक डॉ. मनीषि ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा भारी वजन नहीं उठाने की सलाह दी। उन्होंने हरी सब्जियां, साग, फल, दूध, अंडा एवं अन्य पौष्टिक आहार का नियमित सेवन करने की अपील की।
चिकित्सकों ने महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही डिलीवरी कराने की सलाह दी, जहां प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं एएनएम की देखरेख में प्रसव कराया जाता है। शिविर में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र लाकर नियमित जांच कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं को सलाह दी गई कि गर्भावस्था के दौरान आयोजित होने वाले तीनों स्वास्थ्य शिविरों में अवश्य शामिल होकर जांच कराएं, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकें।












