-राजद का बैनर लगी थार से युवक का दिनदहाड़े कथित अपहरण, चलती गाड़ी में बेरहमी से पिटाई
-पुलिस ने थार जब्त कर एक आरोपी को लिया हिरासत में
मुजफ्फरपुर। जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के समीप राजद का बैनर और जिला सचिव का बोर्ड लगी एक थार गाड़ी से कथित तौर पर एक युवक का जबरन अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को गाड़ी में बैठाकर चलती थार में उसकी बेरहमी से पिटाई की और अधमरी हालत में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने थार वाहन की पहचान कर उसका पीछा किया। कार्रवाई के दौरान सरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने थार को घेरकर जब्त कर लिया।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसे राजद का नेता बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक का कथित अपहरण किस वजह से किया गया और इस घटना में कितने लोग शामिल थे।
फिलहाल पुलिस अपहरण, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। इस घटना से राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












