-योजना एवं विकास विभाग की कमान संभालते ही एक्शन में दिखे मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा
बोले— “बेरोजगार युवाओं को नौकरी देना हमारी प्राथमिकता, लंबित बहालियों पर जल्द होगा निर्णय”
पटना। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के नए मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सोमवार को पटना स्थित घंटाघर कार्यालय में विभाग का कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने मंत्री को विभाग की संरचना, प्रमुख योजनाओं, सांख्यिकी एवं मूल्यांकन गतिविधियों तथा विभिन्न विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर भी प्रस्तुतीकरण किया गया।
पदभार संभालते ही मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभाग में लंबित बहालियों को पूरा करना और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
मंत्री ने कहा कि राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद वह लगातार विभाग की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योजना एवं विकास विभाग राज्य के विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण विभाग है, जहां जिला स्तर पर LAEO-1, LAEO-2 और जिला योजना पदाधिकारियों के माध्यम से योजनाओं का संचालन किया जाता है। विभाग की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित करीब पांच हजार से अधिक पदों पर बहाली का मुद्दा उठाया। मंत्री ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होने और न्यायालय के आदेश के बावजूद नियुक्तियां अब तक लंबित हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को वे बिहार विधानसभा और विधान परिषद में भी उठा चुके हैं, जिस पर सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार की मंशा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने की रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार नौकरी देने के लिए गंभीर है, लेकिन अधिकारियों को भी उतनी ही तत्परता और संवेदनशीलता दिखानी होगी।
उन्होंने कहा कि विभागों में रिक्त पदों का आकलन कर जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जो कार्य अब तक अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि विभाग द्वारा विकास योजनाओं की सतत निगरानी, मूल्यांकन और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।










