-मोतीपुर में युवती से छेड़खानी का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। मोतीपुर थाना क्षेत्र में बाजार जा रही एक युवती से कथित छेड़खानी और अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी अनूप कुमार और रौशन कुमार के रूप में हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को युवती बाजार जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी व अश्लील हरकत की। आरोपितों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनूप कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है। मोतीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों की पहचान में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।












