Advertisement

मोतिहारी: हार्ट अटैक से हुई बुजुर्ग की मौत को हत्या का मामला बनाने का आरोप, न्याय की गुहार

-मोतिहारी: हार्ट अटैक से हुई बुजुर्ग की मौत को हत्या का मामला बनाने का आरोप, न्याय की गुहार

मोतिहारी/राजनदत्त। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 80 वर्षीय वशिष्ठ सिंह की हार्ट अटैक से हुई मौत को हत्या का मामला बनाकर पूरे परिवार को पिछले दो वर्षों से कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि वर्ष 2024 में दर्ज कल्याणपुर थाना कांड संख्या 179/24 में मृतक की छोटी बहू की शिकायत पर बड़े बेटे अरुण सिंह, उनकी पत्नी अर्चना देवी, परीक्षा की तैयारी कर रहे उनके पुत्र तथा एक पट्टीदार संजय सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। परिजनों का कहना है कि घटना के समय छात्र परीक्षा में शामिल था, लेकिन उसके खिलाफ दर्ज मामले के कारण उसका भविष्य प्रभावित हो गया और वह लगातार कानूनी परेशानियों से जूझ रहा है।


परिवार का आरोप है कि प्रारंभिक जांच के दौरान भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत दर्ज मामले को बाद में धारा 302 (हत्या) में परिवर्तित कर दिया गया। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। वहीं, फॉरेंसिक और विसरा (FSL) जांच में भी शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट या हिंसा के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलने की बात कही गई है।
पीड़ित पक्ष का यह भी दावा है कि बाद में डीएसपी स्तर की जांच में अरुण सिंह और संजय सिंह का नाम मामले से हटा दिया गया था। इसके बावजूद परिवार को अब तक राहत नहीं मिल सकी है।
मामले में न्याय की मांग कर रहे दीपक तिवारी ने आरोप लगाया कि वे कई बार पुलिस अधीक्षक (एसपी) से लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई नया आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।