-मैठी टोल प्लाजा पर नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई से मचा हंगामा, डेढ़ घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मुजफ्फरपुर: गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी टोल प्लाजा पर रविवार की शाम नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने दरभंगा से एक संदिग्ध कार का पीछा किया और मैठी टोल प्लाजा पर उसे रोककर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कार की तलाशी के दौरान कार सवारों और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कार में सवार रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि वह अपने माता-पिता और दो बहनों के साथ असम से घूमकर पटना लौट रहे थे। उनके अनुसार अधिकारियों ने कार की तलाशी लेने के बाद जबरन मोबाइल फोन मांगने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गयाl

परिवार का आरोप है कि उनके साथ महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद होने के बावजूद अधिकारियों ने अनावश्यक रूप से बदसलूकी की और उन्हें काफी देर तक परेशान किया। वहीं, नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
हंगामे की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित कार को जब्त कर थाने ले गई, जहां आगे की जांच की जा रही है।
गायघाट थानाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग की टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार से कोई अवैध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।












