Advertisement

मुसहरी प्रखंड पहुंचे डीएम कुमार गौरव, विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

-मुसहरी प्रखंड पहुंचे डीएम कुमार गौरव, विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को मुसहरी प्रखंड एवं अंचल का दौरा कर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्था और संभावित बाढ़ आपदा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भी भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड और अंचल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सीडीपीओ तथा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही नियमानुसार वेतन भुगतान होगा और कार्यालयी अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कर्मी मुख्यालय में उपस्थित रहकर सरकारी कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करें। आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


दौरे के दौरान डीएम ने संभावित बाढ़ को लेकर तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविर, सामुदायिक किचेन, नावों की उपलब्धता, गोताखोरों की सूची, मेडिकल टीमों की तैनाती तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की तैयारी पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान पंचायतवार म्यूटेशन एवं परिमार्जन मामलों की जांच में तीन राजस्व कर्मियों का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया। इनमें अब्दुल नगर उर्फ माधोपुर के राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार, शहरी वार्ड संख्या-29 की राजस्व कर्मचारी एकता कुमारी तथा मणिका विशुनपुर चांद के राजस्व कर्मचारी भारत पंडित शामिल हैं। जिलाधिकारी ने तीनों का वेतन स्थगित करने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने लंबित म्यूटेशन एवं परिमार्जन आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लाभुकों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। साथ ही नए सोखता निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
दौरे के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित करने, निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों का निष्पादन करने तथा नियमित प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।