Advertisement

मुजफ्फरपुर: रघई घाट पर नदी किनारे विवाहिता का शव मिलने से सनसनी, दो दिनों से थी लापताr

-मुजफ्फरपुर: रघई घाट पर नदी किनारे विवाहिता का शव मिलने से सनसनी, दो दिनों से थी लापता

मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के रघई घाट पर शुक्रवार की सुबह नदी किनारे एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान टेंगरारी धपहर गांव निवासी राजू सहनी की 29 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुमित्रा देवी पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता थीं। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।


बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण रघई घाट की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी किनारे पानी में एक महिला का शव देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान सुमित्रा देवी के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर सिवाईपट्टी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल घटना के कारणों का आधिकारिक रूप से पता नहीं चल सका है।