-मुजफ्फरपुर में 25 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर दंपती गिरफ्तार, 64 पुड़िया बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कच्ची पक्की ओपी की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक तस्कर दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन/कोटा बरामद किया है, जिसे 64 पुड़िया में पैक किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के शेरपुर इलाके में दिघरा बैंक के पास स्थित एक मकान से मादक पदार्थ का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए मकान में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से संजीत कुमार उर्फ गुर्जर और उसकी पत्नी राधा देवी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के ही रहने वाले बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन/कोटा मिला। बरामद मादक पदार्थ को 64 अलग-अलग पुड़िया में पैक किया गया था। पुलिस ने बरामदगी के बाद सदर थाना अंतर्गत कच्ची पक्की ओपी में कांड संख्या 847/26 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार दंपती के पुराने आपराधिक इतिहास को पुलिस खंगाल रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












