Advertisement

मुजफ्फरपुर में 20 मिनट में दो बाइक लूट का खुलासा, छह अपराधी गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर में 20 मिनट में दो बाइक लूट का खुलासा, छह अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में महज 20 मिनट के भीतर दो बाइक लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने वाले अपराधियों पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मामले में विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, कारतूस, लूटी गई एक बाइक तथा घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे सगहरी मोड़ के पास चार बाइक सवार अपराधियों ने लगातार दो अलग-अलग बाइक सवारों को निशाना बनाकर उनकी बाइक लूट ली थी। महज 20 मिनट के भीतर हुई इन वारदातों से इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था।
घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति बनाई गई।


वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण तथा डीएसपी अलय वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान कर लगातार छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मीनापुर थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र से दो अन्य अपराधियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी हथियार, कारतूस, लूटी गई बाइक और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है।
एसएसपी कांतेस कुमार मिश्रा ने बताया कि बाइक लूट की दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक सप्ताह के भीतर छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह की अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संलिप्तता रही है या नहीं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। जिस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे, उसी मामले का एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर छह आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में पुलिस को सफलता मिली है।