-मुजफ्फरपुर में सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा: स्ट्रिंग ऑपरेशन में नाबालिगों के इस्तेमाल का आरोप, पुलिस महकमे में हड़कंप
मुजफ्फरपुर। बिहार में अपराध की स्याह तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। 12 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी की घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब मुजफ्फरपुर से एक और सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। स्ट्रिंग ऑपरेशन के जरिए एक होटल संचालक द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे जिस्मफरोशी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन के गरहा थाना क्षेत्र के पटियासा इलाके का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक लाइन होटल संचालक ने बंद पड़े पेट्रोल पंप के भवन को अवैध गतिविधियों का अड्डा बना रखा था। यहां कथित रूप से नाबालिग बच्चों के माध्यम से इस गोरखधंधे को संचालित किया जा रहा था।
स्ट्रिंग ऑपरेशन में सामने आए वीडियो में कुछ महिलाएं और युवतियां मौजूद दिख रही हैं, वहीं एक नाबालिग ग्राहक से बातचीत करता नजर आ रहा है और पसंद के अनुसार लड़की उपलब्ध कराने की बात कह रहा है। साथ ही होटल से पर्ची लाने जैसी प्रक्रिया का भी जिक्र किया गया है, जिससे पूरे नेटवर्क के संगठित तरीके से संचालित होने की आशंका जताई जा रही है।

इस खुलासे के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्या सड़कों किनारे चलने वाले लाइन होटल अवैध धंधों के अड्डे बनते जा रहे हैं? क्या नाबालिगों को इस तरह के अपराध में धकेला जा रहा है? और सबसे बड़ा सवाल—क्या स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं थी?
मामले के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अब तक किसी बड़ी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। लोगों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करती है और इस कथित सिंडिकेट की जड़ तक पहुंच पाती है या नहीं।











